6 जिलों का भार चंद हाथों पर, रिपब्लिकन भीमशक्ति ने सरकार को दिया अल्टीमेटम
महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने वाला सबसे महत्वपूर्ण तंत्र आज स्वयं कमजोर पड़ गया है। एंटी-करप्शन ब्यूरो यानी ACB में वर्षों से न तो नए पद सृजित हुए और न ही पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति हुई। परिणामस्वरूप आम जनता को त्वरित न्याय मिलने के बजाय लंबी प्रक्रिया और अधूरी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
इस स्थिति को लेकर रिपब्लिकन भीमशक्ति के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर भीमटे ने सरकार को कड़ा अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि ACB को तत्काल सुदृढ़ नहीं किया गया तो राज्य से भ्रष्टाचार मिटाने का संकल्प केवल कागजों तक सीमित रह जाएगा।
छह जिलों की जिम्मेदारी, डेढ़ सौ से कम कर्मचारी चंद्रशेखर भीमटे के अनुसार नागपुर ACB के दायरे में छह जिले आते हैं। आश्चर्य की बात यह है कि आज भी यहां उतने ही अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं जितने कई वर्ष पहले थे।
वर्तमान स्थिति इस प्रकार है:
एक पुलिस अधीक्षक
चार उप पुलिस अधीक्षक
नौ थानेदार
कुल मिलाकर डेढ़ सौ से भी कम कर्मचारी
प्रत्येक जिले में एक इकाई तो स्थापित है, परंतु वहां केवल एक पुलिस निरीक्षक और सात से आठ कर्मचारी ही तैनात हैं। इतने सीमित बल के भरोसे पूरे जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार पर नियंत्रण रखना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। स्टाफ की कमी का सीधा प्रभाव जांच और कार्रवाई की गति पर पड़ रहा है।
‘छोटी मछली’ पर शिकंजा, ‘मगरमच्छ’ स्वतंत्र विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भीमटे ने कहा कि ACB जैसे संवेदनशील विभाग में भी पक्षपातपूर्ण कार्रवाई हो रही है।
उनके शब्दों में, “आज कार्रवाई के नाम पर केवल चपरासी, पटवारी, लिपिक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है। बड़े अधिकारियों को छापे या जांच की सूचना पहले ही कैसे मिल जाती है, यह अपने आप में जांच का विषय है। नाममात्र की खानापूर्ति कर बड़े लोगों को बचा लिया जाता है।”
इस कारण जनता का विश्वास ACB की निष्पक्षता से उठता जा रहा है। पारदर्शिता के अभाव में विभाग की साख पर प्रश्नचिन्ह लग गया है।
जटिल प्रक्रिया भ्रष्टाचार को दे रही संरक्षण संगठन ने यह भी उजागर किया कि शिकायत दर्ज करने से लेकर कार्रवाई तक की प्रक्रिया अत्यंत लंबी और पेचीदा है। इस अंतराल में आरोपी को अपना बचाव करने और साक्ष्य नष्ट करने का पर्याप्त समय मिल जाता है।
सरकारी और निजी संस्थाओं पर निगरानी रखने वाले इस विभाग के हाथ जानबूझकर कमजोर किए गए प्रतीत होते हैं। इसी कारण अवैध आर्थिक लेन-देन और भ्रष्टाचार खुले रूप से पनप रहा है।
सरकार से चार सूत्रीय मांग रिपब्लिकन भीमशक्ति ने मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और राज्य के सभी 288 विधायकों से मांग की है कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाए। संगठन ने निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
तत्काल स्टाफ वृद्धि: ACB में रिक्त पदों को अविलंब भरा जाए और नए पदों का सृजन किया जाए।
प्रतिनियुक्ति पर रोक: कर्मचारियों की अस्थायी प्रतिनियुक्ति का खेल बंद किया जाए और स्थायी नियुक्तियां की जाएं।
निष्पक्ष जांच: बड़े अधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार के मामलों की बिना भेदभाव जांच हो।
सरल एवं गोपनीय प्रक्रिया: शिकायत और कार्रवाई की प्रक्रिया को सरल तथा पूर्णतः गोपनीय बनाया जाए।
अंतिम चेतावनी चंद्रशेखर भीमटे ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने शीघ्र कदम नहीं उठाए तो ACB के नाम पर चल रही यह औपचारिकता जनता के साथ विश्वासघात के समान होगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का सपना तभी साकार होगा जब उसे लागू करने वाली संस्था स्वयं सक्षम और सशक्त होगी।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या राज्य सरकार इस चेतावनी को गंभीरता से लेती है, अथवा नागपुर ACB की यह दुर्दशा आने वाले समय में भी इसी प्रकार बनी रहेगी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के हाथों प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर ने लिया सम्मान, बोले- 2047 तक 80 करोड़ लोग शहरों में रहेंगे, भारत मेट्रो नेटवर्क में जल्द अमेरिका को पछाड़ेगा
भुवनेश्वर/नागपुर, 25 अक्टूबर 2026 :
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित 19वें ‘अर्बन मोबिलिटी इंडिया’ (UMI) सम्मेलन में महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (महामेट्रो – नागपुर मेट्रो रेल परियोजना) ने बड़ा सम्मान हासिल किया है। महामेट्रो को अपने अत्याधुनिक तकनीकी नवाचारों के दम पर प्रतिष्ठित ‘सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शक’ (Best Exhibitor) पुरस्कार से नवाजा गया।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री श्री मनोहर लाल के कर-कमलों द्वारा महामेट्रो के प्रबंध निदेशक श्री श्रावण हर्डीकर ने यह पुरस्कार स्वीकार किया। यह राष्ट्रीय सम्मेलन ‘अर्बन एक्सेसिबिलिटी एंड लिवेबिलिटी इन द डिजिटल एज’ विषय पर आधारित था।
केंद्रीय मंत्री ने कहा – 2047 तक 80 करोड़ आबादी शहरों में पुरस्कार वितरण अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा, “वर्तमान में देश की कुल आबादी का 37 प्रतिशत हिस्सा शहरों में रहता है। वर्ष 2047 तक यह आंकड़ा 50 प्रतिशत के पार पहुंच जाएगा, जब देश की अनुमानित जनसंख्या लगभग 160 करोड़ होगी। इसका अर्थ है करीब 80 करोड़ लोग शहरों में निवास करेंगे। इतनी विशाल आबादी के लिए सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन प्रणाली अभी से तैयार करनी होगी।”
उन्होंने आगे कहा, “सार्वजनिक परिवहन विकसित करते समय समाज के सबसे कमजोर और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की जरूरतों का ध्यान रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। वर्तमान में देश में लगभग 1,185 किमी लंबा मेट्रो नेटवर्क संचालित है, जबकि अमेरिका में यह 1,385 किमी है। भारत में विस्तार की वर्तमान गति से हम जल्द ही अमेरिका को भी पीछे छोड़ देंगे। भविष्य के लिए मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन अनिवार्य है।”
महामेट्रो स्टॉल पर डिजिटल तकनीक का प्रदर्शन – सम्मेलन में गणमान्य अतिथियों ने महामेट्रो के स्टॉल का अवलोकन किया। प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर ने विभिन्न डिजिटल प्रणालियों की जानकारी दी :
डिजिटल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट डैशबोर्ड : परियोजनाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग से पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन।
संचालन एवं रखरखाव का डिजिटल रूपांतरण (O&M) : दैनिक संचालन और रख-रखाव में अत्याधुनिक तकनीक।
डिजिटल आई एवं मास्टरमाइंड : यात्री सुरक्षा के लिए उन्नत निगरानी व सुरक्षा तंत्र।
सीमलेस ‘वन ऐप’ यात्रा : टिकट बुकिंग से लेकर पूरे सफर के लिए एकीकृत डिजिटल अनुभव।
स्मार्ट एवं कनेक्टेड मोबिलिटी : लास्ट-माइल कनेक्टिविटी की सुगम सुविधा।
सोशल मीडिया एंगेजमेंट : यात्रियों से त्वरित और सीधे संवाद का माध्यम।
इस उपलब्धि से नागपुर मेट्रो परियोजना को राष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल और सस्टेनेबल अर्बन मोबिलिटी के क्षेत्र में अग्रणी मॉडल के रूप में पहचान मिली है।
गंजीपेठ फायर स्टेशन को सुबह 8:47 बजे कॉल, 4 मिनट में दमकल मौके पर, 5 फायर स्टेशनों की मदद से 7 घंटे बाद आग पर काबू, फ्रिज-एसी-वाशिंग मशीन और कंप्रेसर खाक
नागपुर, 25 अक्टूबर 2026 :
सीए रोड, लोधीपुरा स्थित गीतांजली टॉकीज के सामने एक दुकान में लगी भीषण आग में लाखों का नुकसान हो गया। घटना की रिपोर्ट गंजीपेठ अग्निशमन केंद्र को प्राप्त हुई है।
गंजीपेठ अग्निशमन केंद्र अंतर्गत प्राप्त घटना रिपोर्ट के अनुसार PBX से ऑपरेटर श्री चाटे द्वारा सुबह 08:47 बजे आग की सूचना दी गई। कॉल का स्वरूप ‘बड़ी आग’ बताया गया। सूचना मिलते ही गंजीपेठ केंद्र से MH 31 DS 4927 और MH 31 FC 2826 दो गाड़ियां रवाना हुईं और 08:51 बजे घटनास्थल पर पहुंच गईं, यानी महज 4 मिनट में रिस्पॉन्स।
मौके पर मौजूद अधिकारी/कर्मचारी – प्रमुख अग्नि विमोचक श्रीमान तिलगुले साहेब, श्री विजबे, चालक आत्माराम जाधव, चालक दिनेश खडसे, चालक कमल के., अग्नि विमोचक फिरोज चौधरी, सफाई कर्मचारी विनायक मेश्राम, प्रशिक्षणार्थी घेंडे, डंबारे सहित सिव्हील, लकड़गंज, वाठोड़ा, सक्करदरा और सुगतनगर अग्निशमन केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त रूप से मौजूद रहे।
दुकान और मकान का विवरण –
दुकान : अल कौसर रेफ्रिजरेटर, मालक मोहम्मद अश्पाक मो. 9371490718, मोहम्मद अतिक 9922883272 और अब्दुल लतीफ अंसारी 7020459914
बाजू का घर : रमेश मदनलाल भावठा मो. 9604838954
बाजू का घर : मनोज मन्नूलाल श्रीवास मो. 8329205337 पता – गीतांजली टॉकीज समोर, लोधीपुरा, सी.ए. रोड, नागपुर। थाना – गणेशपेठ।
नुकसान का विवरण –
अल कौसर रेफ्रिजरेटर में फ्रिज, एसी, वायरिंग, वाशिंग मशीन, कंप्रेसर व अन्य साहित्य जलकर खाक – अंदाजन 35 लाख रुपये का नुकसान।
रमेश भावठा के घर में फर्नीचर, कांच साहित्य, इलेक्ट्रिक फिटिंग, पीओपी – 50,000 रुपये।
मनोज श्रीवास के घर में बेड, चेयर, छत की टाडपत्री, एयर कंडीशन – 20,000 रुपये।
कुल अंदाजन नुकसान 35 लाख 70 हजार रुपये मालिकों के दावे के अनुसार बताया गया है। वहीं करीब 5 लाख रुपये की घरगुती सामग्री, लेथ मशीन, स्क्रैप सामान, वाशिंग मशीन, फ्रिज बचा लिया गया। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।
आग को सिव्हील, लकड़गंज, वाठोड़ा, सक्करदरा, सुगतनगर अग्निशमन केंद्रों के सहयोग से संयुक्त रूप से बुझाया गया। गाड़ियां दोपहर 15:50 बजे थाने पर वापस लौटीं। मामले की आगे जांच गणेशपेठ पुलिस कर रही है।
विजया धोटे के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन, सीएम देवेंद्र फडणवीस से चर्चा कर कैबिनेट में प्रस्ताव रखने का आश्वासन, नागपुर और यवतमाल में भी एक-एक परियोजना को नाम देने की मांग
नागपुर, 25 अक्टूबर 2026 :
महाराष्ट्र पशु व मत्स्य विज्ञान विश्वविद्यालय, नागपुर को विदर्भवीर भाऊ जांबुवंतराव धोटे का नाम देने के लिए प्रयास करने का आश्वासन केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिया है।
आज पूर्व विधायक तथा भाऊ की पत्नी विजया धोटे के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने गडकरी से मुलाकात कर इस संबंध में निवेदन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर भाऊ की पुत्री ज्वाला जांबुवंतराव धोटे, अन्याय निवारण मंच के सदस्य अंजय्या अनपर्थी और भाजपा आध्यात्मिक सेल के महामंत्री चंद्रशेखर दुबे उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि विजया धोटे महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री बैरिस्टर रामराव आदिक की पुत्री हैं।
ज्ञापन में क्या कहा – ज्ञापन में उल्लेख है कि महाराष्ट्र विधानसभा के लिए पांच बार और लोकसभा के लिए दो बार चुने गए भाऊ जांबुवंतराव धोटे ने किसान, मजदूर, छात्र और वंचित वर्गों के सवालों के लिए निरंतर संघर्ष किया।
अकोला में डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए उन्होंने ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया था, जो विदर्भ के शैक्षणिक और कृषि विकास की लड़ाई में महत्वपूर्ण साबित हुआ। पशु चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और नागपुर मुख्यालय वाले महाराष्ट्र पशु व मत्स्य विज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए भी भाऊ ने लगातार पैरवी की थी।
उनके कार्य से जुड़े विश्वविद्यालय को उनका नाम दिए जाने से भावी पीढ़ियों को उनकी जनसेवा और विदर्भ के विकास के लिए किए गए संघर्ष की प्रेरणा मिलेगी, ऐसी भूमिका शिष्टमंडल ने रखी।
इसके साथ ही भाऊ के सार्वजनिक जीवन से घनिष्ठ संबंध रखने वाले नागपुर और यवतमाल दोनों स्थानों पर एक-एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक बुनियादी सुविधा अथवा विकास परियोजना को उनका नाम देने की मांग भी की गई।
विजया धोटे ने निवेदन में कहा कि भाऊ के कार्य का सम्मान उनके परिवार के साथ ही उनके विचारों और कार्यों से प्रेम करने वाले विदर्भ के असंख्य नागरिकों की भावनाओं को न्याय देने वाला होगा।
गडकरी का आश्वासन – शिष्टमंडल की मांग सुनने के बाद गडकरी ने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा कर मंत्रिमंडल में निर्णय हो, इसके लिए प्रयास करेंगे।