व्हाट्सएप टिकटिंग और वृक्षारोपण अभियान की भी शुरुआत
नागपुर, 24 जुलाई :
नागपुर महानगरपालिका में 476 सफाई कर्मचारियों को राज्य सरकार की मदद से स्थायी नियुक्ति पत्र और सीधी भर्ती के 103 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इस प्रकार कुल 579 लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
महापौर श्रीमती नीता ठाकरे ने आज पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम रविवार 26 जुलाई को दोपहर 4:30 बजे मनपा के हरियाली मैदान में आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री माननीय देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री माननीय नितिन गडकरी के हाथों होगा।
पत्रकार वार्ता में उपमहापौर श्रीमती लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति श्रीमती शिवानी दाणी-वखरे, परिवहन समिति सभापति श्रीमती मंगला खेकरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
महापौर ने कहा कि लाड-पागे समिति की सिफारिशों के आधार पर सफाई कर्मचारियों को स्थायी किया जा रहा है। 476 सफाई कर्मचारियों में 202 महिलाएं और 273 पुरुष शामिल हैं। शहर के छहों विधानसभा क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों के लिए आवास बनाने की योजना भी है।
व्हाट्सएप से कटेगा बस का टिकट परिवहन समिति सभापति श्रीमती मंगला खेकरे ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए व्हाट्सएप टिकटिंग प्रणाली शुरू की जा रही है। बसों में लगा क्यूआर कोड स्कैन करने पर व्हाट्सएप खुल जाएगा। वहां से प्रारंभिक और गंतव्य स्थान चुनकर ऑनलाइन भुगतान करने पर मोबाइल पर डिजिटल टिकट मिल जाएगा। इससे कागज की बचत होगी और यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर है।
1 अगस्त से 5 लाख पेड़ लगाने का अभियान शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त तक 5 लाख पेड़ लगाने का अभियान चलाया जाएगा। इसमें रायसोनी समूह 1 लाख पौधे देगा। गोरेवाडा, नंदग्राम, मनपा स्कूल, भांडेवाडी डंपिंग यार्ड और कॉलेजों में वृक्षारोपण होगा। गड्ढे खोदने के लिए मशीनें मॉयल के सीएसआर फंड से ली जाएंगी।
हर पेड़ की जियो-टैगिंग भी की जाएगी। इसके लिए एजेंसी नियुक्त की जाएगी। महापौर ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे भी कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं।
एसपी हर्ष पोद्दार ने ली ‘ऑल हैंड्स मीट’, वडोदा में 73 हजार किलो घटिया सुपारी सीज, कलमेश्वर में गांजे की खेती पकड़ी, पारशिवनी में 5 लाख की रेती चोरी जप्त
नागपुर, 28 अक्टूबर :
नागपुर ग्रामीण जिला पुलिस ने सोमवार 27 अक्टूबर को एक साथ कई बड़ी कार्रवाइयां की हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल मस्के के मार्गदर्शन में जिले भर में अपराधियों पर शिकंजा कसा गया।
1. कुही हत्या कांड में आरोपी को आजीवन कारावास –
कुही पुलिस स्टेशन के अपराध क्र. 13/2025 में कोर्ट ने फैसला सुनाया है। फिर्यादी अंकित तुलशीराम बिसेन (20 वर्ष, केशव नगरी, धामना) ने रिपोर्ट दी थी कि उसके पिता/मृतक तुलशीराम माणिकलाल बिसेन (55 वर्ष) शराब के आदी थे और आरोपी जितेंद्र तुलशीराम बिसेन (22 वर्ष) से उनका हमेशा झगड़ा होता था। 12 जनवरी 2025 को शराब पीकर घर आने पर आरोपी ने पिता को लात-घूंसों और बांस की लकड़ी से सिर पर मारकर जान से मार दिया।
तपास अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक हरिश्चंद्र इंगोले ने मजबूत चार्जशीट दाखिल की। जिला व सत्र न्यायाधीश क्र. 3 आर. एम. मिश्रा ने आरोपी जितेंद्र बिसेन को भारतीय न्याय संहिता 103(1) के तहत आजीवन कारावास और 2000 रुपये जुर्माना, न भरने पर 6 महीने की सजा सुनाई। सरकार की ओर से एपीपी श्रीमती व्ही. जे. सायखेडकर ने पैरवी की।
2. एसपी ने ली ‘सर्व कर्मचारी संवाद बैठक’ –
पुलिस भवन नागपुर में एसपी हर्ष ए. पोद्दार ने सभी पुलिस अधिकारी, अमलदार और मंत्रालयीन स्टाफ की ‘All Hands Meet’ ली। इसमें अधिकारियों की समस्याएं, कामकाज की बाधाएं और नए आइडिया पर चर्चा हुई। पिछली बैठक में उठाई गई सभी अड़चनों का निराकरण होने का आढावा लिया गया। एसपी ने संसाधनों के प्रभावी उपयोग और कार्यक्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर एसपी अनिल मस्के, पुलिस उपाधीक्षक (गृह) पूजा गायकवाड सहित सभी शाखा प्रभारी मौजूद थे।
3. कलमेश्वर में गांजे की खेती, एक आरोपी गिरफ्तार –
स्थानीय गुन्हे शाखा के प्रभारी अंकुश माने के नेतृत्व में 26 अक्टूबर को गंगाजी डोरली गांव के खेत में छापा मारा। आरोपी क्र.1 नितेश सखलेजा के फार्महाउस पर केयरटेकर के रूप में काम करने वाले आरोपी क्र.2 बबलू बुद्धू शाह (40 वर्ष, चणकापुर, सावनेर) ने खेत में 9 गांजे के पौधे लगाए थे। पुलिस ने 1.358 किग्रा गांजा (कीमत 2750 रु), एक चिलम और मोबाइल मिलाकर कुल 40,210 रुपये का माल जप्त किया। एनडीपीएस एक्ट 8(सी), 20(ए) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को अटक किया।
4. पारशिवनी में रेती चोरों पर कार्रवाई, 5.15 लाख का माल जप्त –
26 अक्टूबर को पेट्रोलिंग के दौरान खबर मिली कि ट्रैक्टर से रेती की चोरी हो रही है। मौजा बाबुळवाडा में ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई। चालक आरोपी 1) संदीप यशवंतराव भागडकर (बाबुळवाडा) ने बताया कि वाहन मालिक बाळू सोनटक्के (पारशिवनी) के कहने पर पेंच नदी से रेती निकाली। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली (5 लाख), 1 ब्रास रेती (5 हजार) और घर के पास स्टॉक की 2 ब्रास रेती (1 लाख) कुल 5,15,000 रुपये का मुद्देमाल जप्त किया। बीएनएस 303(2), 49, महाराष्ट्र जमीन महसूल अधिनियम 48(7), खान खनिज अधिनियम 4/21 और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम 3 के तहत केस दर्ज।
5. पेंच-कन्हान नदी पात्र में संयुक्त निरीक्षण –
रेती चोरी पर अंकुश के लिए 27 अक्टूबर को पुलिस और महसूल विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम गरंडा में निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार पारशिवनी और पुलिस प्रभारी मौजूद रहे। पेंच नदी में 06 एकर खेत मिला, जहां पानी की नहर के पास मिट्टी का रास्ता बनाकर नदी से जोड़ा गया था। 09 अक्टूबर को ही महसूल ने जेसीबी से दो बड़े गड्ढे खोदकर रास्ता बंद किया था, जो अभी भी कायम है। मौके पर नदी प्रवाह सामान्य मिला, पलीकडील बाजू में रेती दिखी पर अवैध उत्खनन नहीं मिला। शेतमालक ने खेत की मिट्टी से रास्ता बनाया था, जिस पर महसूल विभाग आगे कार्रवाई कर रहा है।
6. वडोदा में 73,634 किलो घटिया सुपारी जप्त –
24 अक्टूबर को डायल 112 पर खबर मिली कि महालगाव-लिहगाव रोड पर गोदाम के पास 04 वाहन बिना परवाना घटिया दर्जे की सुपारी ले जा रहे हैं। पुलिस ने पंचनामे में सुपारी की जांच की और शिकायत पर अन्न व औषध प्रशासन विभाग को बुलाया। विभाग ने गोदाम की जांच कर कुल 73,634 किलो सुपारी का माल मौके पर ही सील कर दिया और नियम अनुसार कार्रवाई शुरू की।
7. अन्य कार्रवाईयां –
नरखेड में स्पीड ब्रेकर मौजूद – सोशल मीडिया पर नरखेड-सावरगाव रोड पर पेट्रोल पंप के पास स्पीड ब्रेकर न होने की खबर पर पुलिस ने स्पष्ट किया कि मौके पर स्पीड ब्रेकर पिछले 2 वर्षों से मौजूद है, वहां कोई दुर्घटना दर्ज नहीं है और दिशादर्शक बोर्ड लगे हैं। नागरिकों से यातायात नियम पालन की अपील की गई।
बोरी में जुगार अड्डे पर छापा – 26 अक्टूबर को बोरी टाउन में अवैध सट्टा-पट्टी जुगार खेलते 1) आतिशोत ज्ञानेश्वर शेंडे (34) और 2) राजेश उर्फ दादा सिताराम (42, दोनों बूटीबोरी) को पकड़ा। 2 एंड्रॉइड मोबाइल, 1450 रुपये नकद कुल 13,634 रुपये का माल जप्त, 12 म.जु.का. के तहत गुन्हा दाखल।
18 जगह अवैध दारू पर छापे – 26 अक्टूबर को पूरे जिले में 18 गुन्हे दाखल किए गए। सावनेर, खापा, मौदा, उमरेड, कुही, काटोल, बोरी, एमआईडीसी बोरी थानों में कुल 12,470 मिली देशी दारू और 26 लीटर मोहफूल दारू कीमत 8,320 रुपये जप्त कर मौके पर नष्ट की गई।
675 रिकॉर्ड अपराधियों की परेड –27 अक्टूबर को जिले के 24 पुलिस स्टेशनों में शरीरिक अपराध, मालमत्ता विरुद्ध, महिला-बाल अत्याचार, अवैध दारू-जुगार के 675 रिकॉर्ड अपराधियों की परेड ली गई। नागपुर उपविभाग में 90, उमरेड में 122, सावनेर में 138, कन्हान में 79, रामटेक में 119 और काटोल में 140 बदमाशों को परेड में हाजिर कर सख्त हिदायत दी गई।
धरमपेठ और मंगलवारी जोन में बड़ी कार्रवाई – बाबा सेल्स से 35 किलो, करण ट्रेडर्स से 72 किलो प्लास्टिक जब्त, कार वॉशिंग में पीने के पानी का इस्तेमाल करने वाले 20 ठिकाने उजागर
नागपुर, 28 अक्टूबर :
नागपुर महानगरपालिका के उपद्रव शोध पथक (एनडीएस) ने महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (एमपीसीबी) के सहयोग से शहर के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी कर 136 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया है। साथ ही गंदगी फैलाने और सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर यातायात में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई कर 90 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
प्लास्टिक पर कार्रवाई –
राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले व्यापारियों पर मंगलवारी और धरमपेठ जोन में छापे मारे गए।
धरमपेठ जोन के रामनगर स्थित मे. बाबा सेल्स से 35 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर 5 हजार का जुर्माना लगाया गया।
मंगलवारी जोन के जरीपटका स्थित मे. करण ट्रेडर्स से 72 किलो प्लास्टिक जब्त कर 5 हजार का जुर्माना।
जरीपटका के ही कार्तिक ट्रेडर्स से 29 किलो प्लास्टिक जब्त कर 5 हजार का जुर्माना।
सड़क पर कचरा और मटेरियल रखने वालों पर जुर्माना –
जंबूद्वीप नगर के मे. व्यंकटेश डेवलपर्स और उंटखाना चौक के मे. सहयोग मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखने पर 10-10 हजार का जुर्माना।
भंडारा रोड पर हरीहर मंदिर के पास होटल रेडिसन के बाजू में मटेरियल रखने पर 10 हजार का जुर्माना।
करण ट्रेडर्स, कार्तिक ट्रेडर्स, हिरणवार किराना, बंसी किराना, दत्तात्रय नगर के शेरूभाई पठान, जैक एंड जिल रेस्टोरेंट, हिंदुस्थान कॉलोनी चौक की आईसीआईसीआई बैंक, स्वास्थ्यम हॉस्पिटल और भारत बिल्डर्स पर नियम उल्लंघन पर 5-5 हजार का जुर्माना।
पीने के पानी से कार वॉशिंग – 20 ठिकाने मिले –
मनपा ने पीने के पानी की संभावित कमी को देखते हुए कार वॉशिंग के लिए पीने के पानी के इस्तेमाल पर रोक लगाई है। एनडीएस दस्ते ने 10 जोन में जांच की तो 20 जगहों पर पीने के पानी से गाड़ियां धोई जा रही थीं। इसमें सतरंजीपुरा जोन में 8, धरमपेठ में 5, नेहरूनगर में 4, और धंतोली, लकड़गंज, मंगलवारी जोन में 1-1 ठिकाना शामिल है। इन पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
नागरी अधिकार संरक्षण विभाग की सहायक निरीक्षक मृणालिनी वंजारी ने दी कानूनी प्रावधानों की जानकारी, प्राचार्य डॉ. बोरकर बोले – महिला सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी
नागपुर, 27 अक्टूबर :
मातृ सेवा संघ इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल वर्क, बजाज नगर में छात्राओं के लिए ‘महिला सुरक्षा एवं कानूनी प्रावधान’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय परिसर और छात्रावास में बालिकाओं के संरक्षण मंडल के अंतर्गत आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पुरुषोत्तम बोरकर ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में नागरी अधिकार संरक्षण विभाग की सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीमती मृणालिनी वंजारी उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में श्रीमती वंजारी ने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, महिलाओं के अधिकारों और संकट के समय उपलब्ध कानूनी उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से जागरूक और सतर्क रहने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. बोरकर ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का विषय है। महाविद्यालय परिसर और छात्रावास में सुरक्षित और संवेदनशील वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का आयोजन बालिकाओं के संरक्षण मंडल की संयोजिका सुश्री करुणा आडे के मार्गदर्शन में किया गया। प्रस्तावना डॉ. सुप्रिया पेंढारी ने रखी, अतिथि परिचय डॉ. आमोद गुर्जर ने दिया और आभार श्रीमती अनुराधा कोठार ने माना। सूत्रसंचालन सुश्री करुणा आडे ने किया।